NDA के कुनबे को राज्यों के छोटे दलों से मजबूत करेगी भाजपा, महाराष्ट्र से बंगाल तक पर नजर....
Edit by Aditi kumari
डेस्क:-अगले लोकसभा चुनाव में बड़े लक्ष्य को लेकर चल रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मजबूती और विस्तार देने के लिए विभिन्न राज्यों के छोटे दलों को भी जोड़ने पर काम कर रही है। इस सिलसिले में महाराष्ट्र में राज ठाकरे, जम्मू-कश्मीर में सज्जाद लोन, पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाले छोटे दलों के साथ गठबंधन को लेकर पार्टी चर्चा में है। मध्यप्रदेश में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और पश्चिम बंगाल में उत्तरी बंगाल के क्षेत्रीय ताकतों को साथ में लाने की कोशिश की जा रही है। विपक्ष को देखते हुए भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में कोई बड़ी चुनौती मिलती नहीं दिख रही है, लेकिन पार्टी के रणनीतिकार विपक्ष को कमजोर कतई नहीं मान रहे हैं। पार्टी इस रणनीति पर भी विचार कर रही है कि अगर चुनाव के ठीक पहले विपक्ष एकजुट हो जाता है तब उसे भी अपनी ताकत को और ज्यादा बढ़ा कर मैदान में उतरना होगा। ऐसे में वह अपनी ताकत, विभिन्न राज्यों में अपने मौजूदा सहयोगियों को साधे रखने के साथ कुछ और नए सहयोगी भी जोड़ने में जुटी हुई है। खासकर उन राज्यों में जहां वह अकेले विपक्षी एकजुटता से लड़ने में कमजोर पड़ सकती है।